खटीमा (उत्तराखंड) — उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाजपा नेता एवं समाजसेवी ढिल्लू सिंह राणा की शराब पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई है, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढिल्लू सिंह राणा ने शराब के साथ किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। ढिल्लू के साथ शराब पीने वाले एडवोकेट मलकीत सिंह राणा की भी इस घटना में मौत हो चुकी है।
वहीं, उनके साथ मौजूद अधिवक्ता प्रवेश मौर्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
विवाह समारोह से लौटते समय हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, तीनों एक विवाह समारोह में शामिल होकर ग्राम सेजना के पास से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कंजाबाग स्थित शराब भट्टी से शराब की बोतल खरीदी और जानकी मंडप के पास बैठकर जैसे ही पहला पैक लिया, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
मौके से मिली जहरीले पदार्थ की बोतल
सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि जिस स्थान पर तीनों शराब पी रहे थे, वहां पानी की बोतल के स्थान पर किसी जहरीले पदार्थ की बोतल भी मिली है। इस तथ्य के सामने आने के बाद पूरे मामले में साजिश या गंभीर लापरवाही की आशंका गहराती जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच में जुट गए हैं। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
समाजसेवी छवि, जनजाति समाज में मजबूत पकड़
ढिल्लू सिंह राणा न केवल भाजपा से जुड़े नेता थे, बल्कि वे एक सक्रिय समाजसेवी भी थे। जनजाति समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। उनकी अचानक हुई मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply